सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

बोलना बहुत जरूरी है




बोलना बहुत जरूरी है

(सामयिक परिदृश्य की समीक्षा का.. दूसरा भाग)
आलोक वर्मा
आज देश में  जन-विरोधी, दलित विरोधी और राजनीतिक सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की राजनीति चल रही है। पूंजी का स्वरूप बदल चुका है। वह भूमंडलीकृत हो चुकी है। किंतु समाज में राजनीतिक सांस्कृतिक दमन उग्र रूप धारण कर चुका है। इसके साथ ही असहिष्णुता चरम पर है। सामाजिक असमानताएं और विषमताएं अतिरेक में हैं। समाज का एक बड़ा तबका इन बुराइयों से परेशान है। लेकिन इनके खिलाफ एकजुटता का वातावरण तैयार नहीं हो पा रहा है जिसके कारण वे पराजय और निराशा-बोध के कानन में भटक रहे हैं। 
सामयिक परिदृश्य के यह अंक में साहित्य के साथ साथ उन सभी सवालों के जवाब तलाशने की कोशिश की गई है जो समाज को परेशान किए हुए हैं। पत्रिका में प्रकाशित रचनाओं की विशेषता भी यही है कि वे मनुष्य के सामने आने वाली दिक्कतों और परेशानियों के सवालों से बार बार टकराती हैं और एक दिशा देने की कोशिश करती हैं।
वरिष्ठ कवि विष्णुचंद्र शर्मा का गीत 'मौकापरस्तों का सहगान' और श्रीहर्ष की कविता 'रंगों की टकराहट' ध्यान खींचती है। विष्णुचंद्र शर्मा अपनी कविता में मौका परस्तों की जबरदस्त तरीके से लानत मलानत करते हैं। अपनी कविता में वह राजनेताओं, साहित्यकारों, नौकरशाहों सभी पर व्यंग्य करते हैं, सबकी खबर लेते हैं। कविता का शीर्षक 'मौकापरस्तों का सहगान' पढ़ते ही पाठक के जेहन में यह बात आ जाती है कि किसी न किसी उस व्यक्तित्व का चित्रण कविता में होगा जो मौके के अनुरूप खुद को बदलकर लाभ उठाने में आगे रहते हैं। गीत है- 'बड़े सेठ का जूता खाओ  हर गंगे।' आज के दौर में जब पैसा ही परम सत्य बनकर रह गया है और हर व्यक्ति येनकेन प्रकारेण उसके चक्कर में लगा हुआ है। जहां मनुष्य की योग्यता उसके ज्ञान से नहीं,  बाहरी चमक दमक से आंकी जा रही है। ऐसे में पूंजीपति/सेठ ही लोगों के भगवान बन गए हैं। सेठों के दरबार में विद्वानों की जगह किस काम की। ऐसे हालात में पैसा और तरक्की का एकमात्र साधन सेठ की कृपादृष्टि ही बचती है। और सेठों के राज में वही सफल हैं जो सेठों का जूता उठाने और खाने के लिए तैयार हैं। अगली पंक्तियों पर गौर करें- 'मारे अमरीका तो गाओ  हर गंगे/नेता कहे वही दुहराओ हर गंगे' अब देखिये अमरीका क्या है, साम्राज्यवाद का
प्रतीक अगुवा। वह जो कह रहा  है वही सही है। अपने आधिपत्य के लिए वह दुनिया भर के देशों को बर्बाद कर रहा है। जिसने भी उसकी बात मानने से इनकार किया या उसके फायदे में रोड़ा बनने की कोशिश की उसे नेस्तनाबूद कर दिया। इराक, अफगानिस्तान आदि  राष्ट्र उसकी बात न मानने की सजा भुगत रहे हैं। नया निशाना उत्तर कोरिया है। कितने दिनों तक वह बचा रहता है। अमेरिका के विरोध में आज कोई बोलने की स्थिति में नहीं है। उसकी नीतियों की नकल में सारी दुनिया लगी हुई है, किसी को जनता के अच्छे भले की परवाह नहीं है। अमेरिका साम्राज्यवाद का अगुवा है। साम्राज्यवाद का चरित्र है उसकी हां में हां मिलाओ नहीं तो बचोगे नहीं। इसी तरह कविता में विष्णुचंद्र शर्मा राजनेताओं, कवियों सबको नंगा करते हैं।
श्रीहर्ष की कविता 'रंगों की टकराहट' कविता आकार में छोटी है परंतु विस्तृत फलक समेटे हुए है। रंगों को प्रतीक बनाकर लिखी गई यह कविता वर्तमान समय की राजनीति और सत्ता के चरित्र को बेनकाब करती है।  कविता की शुरुआत है.. रंगों की आपसी टकराहट/ कैनवास पर उभरने लगी है/ भीतर का द्वन्द-रेखाओं के/ टेढेपन में बोलने लगा है/ चमक-आकर्षण पर धुंध फैलने लगी है। इसे वर्तमान राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में देखें तो सभी राजनीतिक दलों की पहचान उनके चुनाव चिह्नों के साथ उसके रंगों से होती है। भाजपा की पहचान भगवा रंग से है तो समाजवादी पार्टी की पहचान रहें और बसपा की पहचान नीले रंग से है। कम्युनिस्टों की पहचान लाल रंग से की जाती है। इसके साथ ही रंग को शासक और आम जनता के प्रतीक के तौर पर देखें तो कवि का कहना है कि कैनवास पर शासक वर्ग और जनता के बीच का टकराव दिखाई पड़ने लगा है। जनता को सत्ता महत्व देती नहीं है। उनकी नजर में जनता का कोई मूल्य नहीं है। जनता और सत्ता के बीच द्वंद मुखर होने लगा है। लोक लुभावने और बड़े- बड़े वादे करके सत्ता हासिल करने के बाद जब पोल खुलती है और जनता की मुसीबतें ज्यादा बढ़ जाती हैं तो जहां उसके दिमाग से सरकार और उनके नेताओं के प्रति रोष भाव बढ़ता है वहीं सत्ताधारी नेताओं के चेहरे पर जनता में बढ़ती बेचैनी और रोष से तनाव आ जाता है और असलियत सामने आने पर जो चमक आकर्षण है उस पर धुंध फैलने लगी है।
कविता की अगली पंक्तियां हैं- 'सफेद के नीचे छिपे काले दाग/ उभरकर सामने आ गये हैं/ काला रंग टोपी पहन-जूते बजा / आतंक फैला रहा है/ पीले के उफनते गुस्से ने चेहरों को/ पीलाकर दिया है/ लाल रंग घायल होकर -अंधेरे में / खुसर फुसर कर रहा है / नीला हरा अपनी जगह की तलाश में भटक रहे हैं/ रंगों की टकराहट बढ़ती जा रही है / कैनवास मौन ताक रहा है।'
झूठ और फरेब के दम पर दुनिया में मायावी सपने दिखाकर जनता को कितने दिनों तक धोखा दिया /बहकाया जा सकता है। हकीकत ज्यादा दिन छिपती नहीं। चुनाव में बड़े बड़े वायदे कर सत्ता हासिल करने के बाद जब वादे पूरे नहीं होते तो जनता नेताओं के काले चेहरों को पहचान लेती है। बहुमत के चमक का आकर्षण फीका पड़ने लगा है। मुखौटा हट जाने पर जहां जनता नेताओं के प्रति गुस्से में है तो नेता असलियत का पर्दाफाश होने से जनता से नाराज है। उसका परिणाम यह होता है कि जगह जगह जनता सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरती है और सत्ता के निर्देश पर जनता का पुलिसिया दमन शुरू हो जाता है। लोगों के हक की लड़ाई करने वाले लाल रंग भी बेदम हो चुका है, उसके नेता और कार्यकर्ता भी अंधेरे में भटक रहे हैं या भटकाव के शिकार हैं।
नीले और हरे रंग वाली पार्टियों के नेता अपनी अपनी जगह तल ाशने में लगे हुए हैं। जनता मौन होकर राजनीतिक दलों के तमाशे देख रही है।
वैसे तो भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रवाद और राष्ट्रीयता की अपनी परिभाषा है। लेकिन जब वह सत्ता में होती है तो उस पर बहस तेज हो जाती है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की स्थापना के समय से ही राष्ट्रीयता और राष्ट्रवाद को हिंदू धर्म से जोड़कर बांटने की साजिश रचता आ रहा है। इस वर्चस्वकी लड़ाई के लिए मुसलमान और ईसाई हमेशा उसके निशाने पर रहे हैं। उसकी जब भी सरकार बनी है तो सांप्रदायिकता की तपिश तेज हुई है। पिछले समय में चूंकि भाजपा कभी अपने बूते बहुमत की सरकार केंद्र में नहीं बना पाई थी इसलिए ज्यादा आक्रामक नहीं रही। लेकिन पिछले आम चुनाव में उसे भारी बहुमत मिला तो अपना एजेंडा पूरा करने में उसे आसानी हो गईं। आरएसएस के हिंदुत्व के एजेंडे को खुले रूप में परवान चढ़ाया जा रहा है। उसके कार्यकर्ता जगह-जगह अल्पसंख्यकों को निशाना बना रहे हैं। आम जनता से लेकर उनकी विचारधारा की मुखालफत करने वाले बुद्धिजीवियों, साहित्यकार, पत्रकार वर्ग भी उनके निशाने पर है और उनकी हत्या की जा रही है। पनसारे, कलबुर्गी और गौरी लंकेश की हत्या कर दी जाती है और इन हत्याओं की भर्त्सना करने वाले उनके निशाने पर होते हैं। उनके समर्थक जगह जगह दलितों को निशाना बनाते हैं। किसी न किसी तरह विश्वविद्यालय उनके निशाने पर हैं। जहां उनका असर नहीं है वहां अकादमिक व्यवस्था को नष्ट किया जा रहा है। विश्वविद्यालयों में छात्रों और टीचरों पर न सिर्फ हमले हो रहे हैं बल्कि ग्रांट रोक कर या कुलपतियों के सहारे वहां के पठन पाठन में अवरोध पैदा किया जा रहा है। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय खासतौर पर उनके निशाने पर रहा है।
महत्वपूर्ण यह लोकतंत्र के लिए खतरा है और वर्तमान में यह खतरा लगातार बना हुआ है। सामयिक परिदृश्य में प्रसिद्ध इतिहासकार रोमिला थापर और अर्थशास्त्री प्रभात पटनायक के लेख राष्ट्रवाद और राष्ट्रीयता पर हैं। रोमिला थापर अपने लेख 'धर्म -आधारित राष्ट्रवाद पूरे जोर शोर से वापस आ गया है ' में प्रचारित किए जा रहे राष्ट्रवाद की पड़ताल करती हैं। वे लिखती हैं कि - 'एक ऐसे समाज में कार्यशील लोकतंत्र की स्थापना करना मुश्किल है, जहां पर विशेषाधिकार प्राप्त और वंचित समूहों की विशेष श्रेणियां, घटते - बढ़ते अधिकारों के साथ धार्मिक पहचानों पर आधारित बहुसंख्यक एवं अल्पसंख्यक समुदाय; और ऐसी विचारधारा है जो द्वि-राष्ट्र सिद्धांत का समर्थन करती है, जहां पर धर्म, जाति और भाषा पहचान बन जाती है। यह मुश्किल इसलिए है
कि लोकतंत्र के लिए इसे उलट देने की जरूरत होती है- इसका अर्थ सभी के लिए समान अधिकार और सभी नागरिकों पर लागू कानूनों मं समानता है।' वे सवाल करती हैं- क्या धार्मिक एवं सांस्कृतिक अतिवाद की विचारधाराएं निरपवाद रूप से पहले के उपनिवेश के समाज और संस्कृति की व्याख्याओं से उत्पन्न हुई हैं, जैसा कि उपनिवेशवादियों द्वारा निर्मित किया गया है? दूसरे शब्दों में क्या हमें उन पहचानों को समर्थन देना होगा जिन्हें ब्रिटिश उपनिवेशवाद ने हमारे ऊपर थोपा था ? क्या हम इसके बजाय इन पहचानों पर सावल नहीं उठा सकते और विकल्पों पर विचार नहीं कर सकते। इस तरह की पहचानों की निरंतरता अंतर्निहित रूप से लोकतंत्र विरोधी है। वे उपनिवेश चाहते थे न कि स्वतंत्र लोकतंत्र।'
सांप्रदायिकता क्यों फैल रही है इसके कारणों और समाधान कैसे किया जा सकता है, इस पर विचार करते हुए रोमिला लिखती हैं- सांप्रदायिकता अंततः इस मान्यता पर आधारित लोगों के मध्य की ऐसी विचार-पद्धति है कि उन्हें अपने आकाओं के द्वारा जो कुछ भी बताया गया है, उन्हें बस उतना ही जानना चाहिए। यह बेहतर चीज को जानने की अनिच्छा को दर्शाता है। अतएव एकमात्र धार्मिक समुदायों 'फिर चाहे बहुसंख्यक हो या अल्पसंख्यक' का अंततः सीमित उद्देश्य होता है। यह साम्प्रदायिकता का खात्मा नहीं करेगा।
मुझे ऐसा प्रतीत होता है कि हमें ऐसे अन्य तरीकों के बारे में सोचना होगा, जिनके द्वारा पहचानें विकसित की गयी हैं। ऐसा जान पड़ता है कि हम उस बिंदु पर पहुंच गए हैं जबकि सांप्रदायिक विचारों एवं गतिविधियों को वैध राष्ट्रवाद के रूप में लिया जाता है। हमें राष्ट्रवाद को सांप्रदायिकता से अलग करना होगा। किसी भी समूह के पास यह दावा करन का एकाधिकार नहीं है कि केवल उसकी ही गतिविधियों से राष्ट्रवाद का निर्माण होता है और दूसरे सभी राष्ट्रविरोधी हैं। हमें समावेशी, धर्मनिरपेक्ष अंदाज में राष्ट्रवाद को पुनः निर्मित करना है, जिससे प्रत्येक भारतीय को बराबर मात्रा में और समान अधिकारों  के साथ भागीदारी करने का अवसर प्राप्त हो।'
प्रभात पटनायक अपने लेख 'राष्ट्रीय' होने का अर्थ क्या है? में बताते हैं कि राष्ट्रीय, राष्ट्रीयता तथा राष्ट्र राज्य की शब्दावली 17 वीं शताब्दी में वेस्ट फाइनेंसियल पीस ट्रिटी के बाद प्रचलन में आई थी। लेकिन यूरोपियन राष्ट्रवाद की तीन प्रमुख विशेषताएं हैं- पहली- इसमें पूरी आबादी एक ही राष्ट्र का भूभाग होने के बावजूद नहीं आती है। इसमें हमेशा अपने भीतर ही शत्रु ( उदाहरण के लिए यहूदी) होते थे। दूसरे, पूरी तरह से औपनिवेशिक था। वेस्ट फेलियन ट्रीटीज के एक महीने के अंदर -अंदर ओलिवर कामवेल ने आयरलैंड पर हमला किया (जो कि जीता हुआ पहला उपनिवेश था) तथा इंग्लैंड ने पूरे भू क्षेत्र पर अपना कब्जा जमा लिया था। तीसरे, राष्ट्र अपनी महिमा स्वयं गाते रहे। इसके पीछे कारण था राष्ट्र को मजबूत बनाना। यह कोई व्यापारिक धारणा नहीं थी; जैसा कि आमतौर पर माना जाता है। यह शास्त्रीय राजनीतिक अर्थशास्त्र का आधार भी है।
---- जब गांधी जी ने अपने अंतिम दिनों में विभाजन की विभीषिका के खिलाफ तथा कांग्रेसे नेताओं के लाख विरोध के बावजूद पाकिस्तान को पावना देने पर जोर दिया तो यह राष्ट्रविरोधी नहीं था, वे सिर्फ जनतांत्रिक राष्ट्रवाद को स्वीकृति दे रहे थे। आजादी की लड़ाई को ध्यान में रखते हुए उनका यह कार्य सही था। इसके केंद्र में सहन शक्ति, संरक्षण, समझौता का - मतभेद के लिए शक्ति प्रदर्शन नहीं था, अपना दबदबा दिखाना भी नहीं था। इस राष्ट्रवाद की मांग है कि अगर देश में कहीं राष्ट्रविरोधी नारे लगते हैं तो चूंकि उनमें आतंकवादी हिंसा या भड़काऊपन नहीं है तो यह समय आत्ममंथन का, विश्लेषण का है ताकि आपसी विरोध दूर हों न कि उन पर षड्यंत्र करने का उपनिवेशी कानून लागू किया जाए जैसा कि आज हो रहा है।
पटनायक इस निष्कर्ष पर पहुंचते हैं कि आक्रामक राष्ट्रवाद के प्रति झुकाव भी देश में खासतौर पर नई उदारवादी नीतियों के चलते ही आया। भाजपा इसका पूरा समर्थन करती रही है। ... लेकिन भारत को एक राष्ट्र बनाने के लिए ये हानिकारक रुख है।
पत्रिका की एक महत्वपूर्ण धरोहर फिल्मकार ऋत्विक घटका का साक्षात्कार है। यह साक्षात्कार बांग्ला की चित्रवीक्षण पत्रिका में प्रकाशित हुआ था। किसने इस इंटरव्यू को लिया और कब लिया अनुवादक ने यह जानकारी नहीं दी है। इसका अनुवाद किया है कमलेश पांडेय ने । लेकिन इस इंटरव्यू में ऋत्विक घटक बहुत खुलकर सिनेमा में दर्शन, प्राचीन भारतीय सांस्कृतिक परम्परा के संबंध में दृष्टिकोण, सिनेमा संबंधित आदर्शवादी पृष्ठभूमि और कलाकारों की आजादी के प्रसंघ, जुंग के अनकांसेसनेस तत्व (समेकित अवचेतन), वर्गीय कला संस्कृति, मदर काम्पलेक्स जैसे  सवालों का खुलकर जवाब देते हैं तथा सामाजिक द्वंद्वों का मार्क्सवादी विश्वेषण करते हैं। इसके साथ ही वे अपनी सभी फिल्मों, उनके पात्रों, उनकी रचना के विषय वस्तु पर अपनी बात कहते हैं। चरित्रों की विसंगतियों से संबंधित एक सवाल के जवाब में ऋत्विक 'युक्ति तक्को आर गल्पो' का सांवली के चरित्र के बारे में वे कहते हैं कि सांवली का चरित्र कोई वास्तविक चरित्र नहीं है, किन्तु किसी भी वास्तविक पात्र के साथ उसकी एकरूपता मानों अटूट है। ... इसके साथ ही मैंने इस चरित्र के जरिये पूरे बांग्लादेश को उजागर करने की कोशिश की है। अपने देश की फिल्मों में हमेशा बंगाली लड़कियों को नखरे दिखाते, खुश मिजाज, पवित्र दिखाया जाता है, लेकिन बंगाली लड़िकयां वही भर नहीं हैं। इसलिए मैंने एक सशक्त लड़की का चरित्र गढ़ा है और उसके जरिये पूरे देश की आत्मा को दर्शाने की एक कोशिश की है। मूल बात यह है कि सभी फिल्मों में किसी चरित्र के माध्यम से मैं किसी न किसी विचारधारा को व्यक्त करने की कोशिश करता हूं। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि मैं इस दुनिया के बाहर का कुछ करता हूं।
उनकी फिल्मों में पुराण, मिथक तथा आधुनिक जीवन के घुलमिल जाने संबंधी एक प्रश्न के उत्तर में ऋत्विक कहते हैं- मुझे सबसे अधिक भारतीय प्राचीन परम्परा, उसमें ऋग्वेद से शुरू कर संहिताएं ब्राह्मण, आरण्यक, श्रुतियों के सभी अंश, उपनिषद, स्मृति, पुराण एवं महाकाव्य आकृष्ट करते हैं। ... प्राचीन ऋषि मुनि या इन्हें जो कुछ भी कहा जाए, वे लोग जो भी थे, उन्होंने कितनी गंभीरता से मानवीय मनोविज्ञान का विश्वलेषण किया था। .. उन सबको एक बार फिर सामने लाने की आवश्यकता है- सामने लाकर उन सबको वर्तमान जगत से मौजू करना होगा, यह पहली प्राथमिकता है। ... अपने देश की धड़कन के साथ संबंध कायम रखने की नितांत आवश्यकता है। अपने देश की जनता को उससे काफी जल्द हम आश्वस्त कर सकते हैं, बहुत जल्द उनके दिल जीत सकते हैं।
इसके अलावा इस अंक में व्यवस्था-सत्ता - पुरस्कार में डॊ कर्ण सिंह चौहान ने साहित्यकारों, कलाकारों पर लगातार हमलों और हत्या को लेकर असहिष्णुता के विरोध में देश भर में लेखकों, कवियों और कलाकारों द्वारा पुरस्कार लौटाने के मुद्दे पर टिप्पणी लिखी है। उनका कहना हे कि सरकार या सरकारी प्रतिष्ठानों से पुरस्कार लिए ही नहीं जाने चाहिए। राजेश्वर सक्सेना न कारपोरेट संस्कृति का विमर्श में समुदाय और भीड़ की अवधारणा के नये युग में एक नये तरह के समाज के नये परिदृश्य के विकास पर रोशनी डाली है। मनीष कुमार 'कृषि संकट और कृषक आत्महत्या' लेख में खेती और किसानों की दुर्दशा पर विचार किया है। प्रसिद्ध मनोवैज्ञानिक धीरेंन्द्र नाथ गंगोपाध्याय के लेख ' फासीवाद की दार्शनिक व मनोवैज्ञानिक पृष्ठभूमि ' में फासीवाद क्या है और कैसे विकसित हुआ है। और फासीवाद का समाज पर असर क्या पड़ा इस पर गंभीरता से चरचा की है।
इसी तरह इस अंक में कुशेश्वर, संतोष चतुर्वेदी की कविताएं भी पठनीय हैं।

समीक्षिक पत्रिका- सामयिक परिदृश्य (अंक -6)
संपादक- विमल वर्मा, श्री हर्ष
प्रकाशक- दया शंकर अष्ठाना
संपर्क- एच-13, एल .आई.जी. एस्टेट
8/1 रुस्तमजी पारसी रोड
काशीपुर, कोलकाता- 700002




टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सामाजिक यथार्थ की प्रतिनिधि कहानियां

आलोक वर्मा शेखर जोशी ‘ नई कहानी ’ के कथाकारों में से एक हैं। शायद वे अकेले कहानीकार हैं, जिसने नई कहानी के दौर में लिखना शुरू किया और आज भी उसी सक्रियता के साथ रचनारत हैं, जबकि अमरकांत जैसे एकाध कहानीकारों को छोड़ दिया जाए तो उस दौर के अधिकांश कथाकार पिछले कई सालों से ‘ न लिखने के कारण ‘ पर मनन कर रहे हैं। शेखर जोशी की पहली कहानी ‘ दाज्यू ‘ 1953-54 में छपी थी और अपनी पहली क हानी से वे चर्चित हो गए थे। अमूमन उनकी प्रकाशित सभी कहानियां चर्चा के केंद्र में रहती हैं। शेखर जोशी चूंकि नई कहानी आंदोलन की देन हैं, इसलिए उनकी कहानियों में उस दौर की प्रवृत्तियों का पाया जाना लाजिमी है। लेकिन किसी खास दौर की प्रवृत्ति में बंधकर वे नहीं रहे। उन्होंने समय की रफ्तार के साथ बदलते जीवन को देखा, परखा और जीवन की उसी संवेदना को, समाज को, समाज की उसी विडंबना को कहानियों के माध्यम से विश्लेषित किया। इस बारीक पकड़ ने ही उन्हें सदैव शीर्षस्थ कहानीकार बनाए रखा। अपने रचनाकर्म के बारे में शेखर जोशी ने लिखा है- ‘ छोटी उम्र में मातृविहीन हो जाने के बाद पर्वतीय अंचल के प्राकृतिक सौंदर्य से वनस्पतिव...

सामयिक परिदृश्यः वर्तमान सामाजिक चुनौतियों से रूबरू कराती एक पत्रिका

आलोक वर्मा हिंदी में लघु पत्रिकाओं का प्रकाशन हमेशा से कठिन काम रहा है और वर्तमान में तो और भी कठिन हो चुका है। लेकिन फिर भी अभी भी कुछ लोग लघु पत्रिकाएं निकाल ही रहे हैं। आज जबकि सोशल मीडिया एक ऐसा प्लेटफार्म बनकर उभरा है जहां आप जो चाहें लिख सकते हैं। वहां किसी तरह का दबाव नहीं है। सोशल मीडिया में लिखने की आजादी तो मिल गई लेकिन गुणवत्ता पर असर पड़ा है। जिसके मन में जो आता है उसे लिख डालता है। ऐसे में एक लंबे समय के लिए साहित्य को संजोये रखने में खासतौर पर वैचारिक स्तर पर लघु पत्रिकाओं की भूमिका और बढ़ गई है। वैसे तो आज के समय में साहित्य का नाम लेते ही एक खास विचार वाले आप पर पिल पड़ेंगे। उससे भी ज्यादा खतरा उनसे है जो गैरराजनीति का नारा देते हैं। अगर वर्तमान हालात पर नजर डालें तो देश की दशा भी अच्छी नहीं है। हर तरफ असंतोष है, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार ने जनजीवन को त्रस्त कर रखा है। किसान मजदूर, व्यापारी से लेकर युवा तक हलाकान हैं। लेकिन कोई सुनवाई नहीं है। सरकारी तंत्र प्रताड़ित करने में लगा है तो विपक्ष कूढ़मगजी का शिकार है। आम आदमी किससे दुखड़ा रोये। पिछले कई सालों से ...
नाटक चालू आहे                           - आलोक वर्मा चुनाव आयोग द्वारा पांच राज्यों के लिए विधानसभा चुनावों की तिथि घोषित कर दिए जाने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। पिछले कुछ दिनों से उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ दल समाजवादी पार्टी में पारिवारिक कलह रूपी नौटंकी लगातार जारी है। मीडिया को यादव परिवार की नौटंकी रोजाना कुछ न कुछ मसाला दे जाती रही है। लेकिन इसी बीच पंजाब में  च‌ुनाव प्रचार जोर पकड़ गया। पहले मंगलवार को दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के चुनावी भाषण पर तहलका मचा। मीडिया ने संसेशनल न्यूज के चक्कर में मनीष के बयान में थोड़ा से हेरफेर किया तो वह खबर हेडिंग बन गई। हुआ यूं कि सिसोदिया ने मोहाली की एक चुनावी सभा में कहा कि आप लोग यह मानकर आप को वोट  दीजिए कि केजरीवाल मुख्यमंत्री हैं। वह आपके सारे काम करवाएंगे। लेकिन पत्रकारों ने सिसोदिया के बयान का दूसरा हिस्सा उड़ा दिया और यह चला दिया कि पंजाब के सीएम केजरीवाल होंगे। फिर क्या था , दनादन सभी दलों के नेताओं के बयान आने शुरू हो गए। अप...